प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में 6350 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

वाराणसी (उप्र,) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 6350 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 163 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 1050 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी 48 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और लगभग 5300 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

मुख्य आधारभूत परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण पूरा होना कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवर ब्रिज का खुलना और भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र शामिल हैं। जिन 112 परियोजनाओं की आधारशिला प्रधानमंत्री ने रखी उनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जलापूर्ति योजनाएं श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला अस्पताल में 500 बिस्तरों वाला मल्टी-सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और भोजूबीर तथा सिगरा में मार्केट कॉम्प्लेक्स और ऑफिस स्पेस का निर्माण शामिल है।

प्रधानमंत्री ने विकास से जुड़ी इन विभिन्न परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नागरिक देवो भव: ही भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का एकमात्र मंत्र है। उन्होंने कहा ‘‘देश के नागरिकों की पढ़ाई कमाई दवाई सिंचाई और सुनवाई यह हमारी प्राथमिकता है। इसी भाव के साथ आज यहां काशी के विकास को भी विस्तार दिया गया है।

मोदी ने कहा गंगा जी पर सिग्नेचर ब्रिज बनने से पूर्वांचल की कनेक्टिविटी और सशक्त होगी। पिछले एक दशक में काशी उत्तर पूर्वी भारत का एक बड़ा आरोग्य हब बनकर उभरा है। 500 बेड का मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल काशी के स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को और मजबूत करेगा। इसके अलावा 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी शिलान्यास किया गया है जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज की एक बहुत बड़ी सुविधा काशी से जुड़ेगी।

उन्होंने कहा कि चाहे गंगा की साफ सफाई हो घाटों के विकास से जुड़ा काम हो या शासन प्रशासन से जुड़े भवनों का निर्माण हो हरहुआ और भवानीपुर में किसानों के लिए भंडारण सुविधा हो वृद्ध आश्रम हो महिला छात्रावास हो सब काशी के संवेदनशील विकास का ही प्रमाण हैं। इन कार्यों से बनारस के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी की विरासत और धरोहर को सशक्त करने का अभियान भी निरंतर जारी है और संत कबीर स्थली का विकास एवं संत रविदास पार्क का जीर्णोद्धार भी इसी अभियान का हिस्सा है।

उन्होंने कहा काशी अविनाशी है। यह अनवरत चलने वाला शहर है। इसी तरह विकास का अभियान भी निरंतर गतिमान है। मैं नारी शक्ति का वंदन करते हुए एक बार फिर हमें आशीर्वाद देने के लिए आप सब का आभार व्यक्त करता हूं और विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

अन्य परियोजनाओं में तालाबों का नवीनीकरण और जीर्णोद्धार 198 बिस्तरों वाले अस्पताल का पुनर्विकास 100 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण और अस्सी घाट दशाश्वमेध घाट और नमो घाट सहित प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। प्रधानमंत्री ने वाराणसी के रामनगर में एकीकृत मंडलीय कार्यालय नगर निगम कार्यालय भवन और एक सरकारी बाल आश्रय गृह तथा किशोर न्याय बोर्ड की आधारशिला रखी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उन्होंने बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को बोनस के रूप में 105 करोड़ रुपये से ज़्यादा की राशि भी हस्तांतरित की। मोदी ने वाराणसी जंक्शन-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की भी आधारशिला रखी जिसमें गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: