बंगाल के मुख्यमंत्री ने एआईएफएफ को भारत-ब्राजील मैच के लिए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है: चौबे

नयी दिल्ली, अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भारत और पांच बार के विश्व कप चैंपियन ब्राजील के बीच तीन अक्टूबर को यहां होने वाले मैच के लिए सरकार की तरफ से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है।

पिछले साल दिसंबर में लियोनेल मेस्सी की कोलकाता यात्रा के दौरान स्थिति काफी बिगड़ गई थी और इस लिहाज से राज्य सरकार का समर्थन काफी महत्वपूर्ण हो जाता है।

फीफा विश्व रैंकिंग में ब्राजील वर्तमान में पांचवें जबकि भारत 138वें स्थान पर है। भारत ने कभी भी फीफा रैंकिंग में शीर्ष पांच में शामिल किसी भी देश की मेजबानी नहीं की है। चौबे ने पीटीआई से कहा ‘‘कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात मुख्यमंत्री से हुई थी। मैंने उन्हें इस स्तर के मैच की मेजबानी के लिए मानक प्रक्रियाओं और जरूरतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल सरकार इस मैच के सफल और सुचारू रूप से आयोजन तथा फीफा प्रोटोकॉल के अनुरूप संचालन में सहायता और सहयोग करेगी।’’

जब चौबे से पूछा गया कि मेस्सी के दौरे के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में जिस तरह की अराजकता देखने को मिली क्या उसे देखते हुए एआईएफएफ चिंतित है। उन्होंने कहा ‘‘वह कोई फुटबॉल मैच नहीं था बल्कि एक खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचा था। निश्चित रूप से वह दुनिया के महानतम फुटबॉलर हैं। लेकिन फुटबॉल मैच अलग होता है और इसे फीफा और एएफसी के मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत आयोजित किया जाएगा।

ईश्वर की कृपा से मैच सफल रहेगा।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: