बांग्लादेश में 20 अगस्त को होगा राष्ट्रपति चुनाव

ढाका, बांग्लादेश के निर्वाचन आयोग ने घोषणा की कि देश में राष्ट्रपति चुनाव 20 अगस्त को कराया जाएगा। सत्ता से अपदस्थ की गईं प्रधानमंत्री शेख हसीना के लंबे समय से सहयोगी रहे मोहम्मद शहाबुद्दीन के अपना कार्यकाल पूरा होने से दो साल पहले ही 24 जुलाई को पद से इस्तीफा देने के बाद राष्ट्रपति चुनाव अपरिहार्य हो गया था।

निर्वाचन आयोग सचिवालय के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने बृहस्पतिवार को बताया कि मतदान 20 अगस्त को अपराह्न 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जातीय संसद के सत्र कक्ष में होगा।

चुनाव के लिए निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन पत्र 13 अगस्त को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र की जांच 16 अगस्त को पूर्वाह्न 10:00 बजे से होगी।

अहमद के मुताबिक 18 अगस्त को अपराह्न चार बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक अहमद ने संवाददाताओं को बताया कि राष्ट्रपति चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा संसद के अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद से बातचीत के बाद की गई। हाफिज उद्दीन अहमद संविधान के तहत 90 दिनों के लिए कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर काम कर रहे हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: