बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने आतंकवाद की परिभाषा पर अब तक सहमति नहीं बनने पर खेद जताया

नयी दिल्ली, बीजू जनत दल (बीजद) सांसद सस्मित पात्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भावना से सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद की परिभाषा पर अब तक सहमति नहीं बन पाना दुखद है। उन्होंने कहा कि विश्व को महात्मा गांधी की अहिंसा के दर्शन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

              अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) में बृहस्पतिवार को भाषण देते हुए पात्रा ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा यहां पी20 शिखर सम्मेलन में की गई टिप्पणी का संदर्भ दिया जिसमें उन्होंने आतंकवाद की परिभाषा पर सहमति नहीं बन पाने और अभी तक आतंकवाद रोधी अंतरराष्ट्रीय संधि पर संयुक्त राष्ट्र का अनुमोदन नहीं होने पर दुख व्यक्त किया था।

            पात्रा ने कहा, ‘‘ हम सभी को महात्मा गांधी द्वारा विश्व को दिये गये‘अहिंसा’ के दर्शन और भारत के दो मंत्रों ‘वसुधैव कुटुम्बकं’ और ‘सर्वधर्म समभाव’ से प्रेरणा लेनी चाहिए। ’’

            बीजद के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘ आइए हम सभी मिलकर विश्व को आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक शांतिपूर्ण, न्यायपूर्ण और अहिंसक स्थान बनाने के लिए सफलतापूर्वक शांतिपरक, न्यायसंगत और मजबूत संस्थानों का निर्माण करें।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: