बेंगलुरू एफसी का दावा, उनके खिलाड़ी के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की गई

कोलकाता, बेंगलुरू एफसी ने आरोप लगाया है कि डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में भारतीय वायु सेना के खिलाफ मैच के दौरान उनके एक खिलाड़ी के लिए नस्लीय टिप्पणी की गई।

इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की इस शीर्ष टीम ने कहा कि उसने संबंधित अधिकारियों के सामने यह मामला रख दिया है।

यह कथित घटना मंगलवार को यहां किशोर भारती क्रीड़ांगन में घटी।

बेंगलुरू एफसी ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ बेंगलुरू एफसी जानता है कि मंगलवार को यहां डूरंड कप के मैच के दौरान उनके एक खिलाड़ी के खिलाफ विरोधी टीम के खिलाड़ी ने नस्लीय टिप्पणी की।’’

आईएसएल की इस पूर्व चैंपियन टीम ने कहा,‘‘ हम इस संबंध में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। हमारा संदेश स्पष्ट है यहां भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है और फुटबॉल सभी के लिए है।’’

बेंगलुरू एफसी ने इस मैच में भारतीय वायु सेना को 4-0 से हराया और इस तरह से डूरंड कप में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: