बेल्जियम, यूनान में बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग

एथेंस (यूनान), यूनान की राजधानी एथेंस और उत्तर में स्थित शहर थेसालोनिकी में बुधवार को हजारों लोगों ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरकर गुस्सा जताया।

आम जनता के अलावा निजी क्षेत्र के कुछ कर्मियों ने महंगाई के खिलाफ रोष व्यक्त करने के लिए 24 घंटे की हड़ताल में हिस्सा लिया और काम का बहिष्कार किया।

हड़ताल के कारण देशभर में सेवाएं प्रभावित हुईं और सरकारी स्कूलों के बंद रहने के साथ ही अस्पतालों में भी कम संख्या में कर्मचारी काम पर पहुंचे। हड़ताल के कारण सार्वजनिक परिवहन लगभग ठप सा रहा।

एथेंस और देश के दूसरे सबसे बड़े शहर थेसालोनिकी में सड़कों पर मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच मामूली झड़पें भी हुईं। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गौरतलब है कि यूरोपीय देशों में बढ़ती महंगाई के खिलाफ पिछले कुछ महीनों में जनता में रोष देखने को मिला है, जिसके परिणामस्वरूप कई देशों में हड़तालों और प्रदर्शन के मामले सामने आए हैं।

रूस-यूक्रेन में युद्ध के तेज होने के चलते ऊर्जा और खाद्य पदार्थों के दामों में इजाफा होने पर स्वास्थ्य सेवाओं, रेलवे और अन्य क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों ने बढ़ती महंगाई के हिसाब से भत्तों में वृद्धि करने की मांग उठायी है।

इस बीच, बेल्जियम में भी बढ़ती महंगाई के खिलाफ श्रमिकों ने बुधवार को हड़ताल की। प्रदर्शनकारियों ने सुपरमार्केट और शॉपिंग केंद्रों के बाहर घेराव किया, जिससे इन जगहों पर व्यवसाय प्रभावित हुआ।

प्रमुख मजदूर संघ लगातार वेतन और भत्तों में इजाफा करने की मांग कर रहे हैं, जिसके चलते सड़क एवं रेल परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं जबकि ब्रसेल्स हवाई अड्डे पर 60 फीसदी उड़ानें रद्द हुई हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: