मदुरै, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने अभिनेता-राजनेता विजय की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के पास कोई स्पष्ट नीति नहीं है। नागेंद्रन ने सवाल उठाया कि क्या विजय की पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता से संपर्क करने की कोई ठोस नीति रखती है। उन्होंने विजय को पार्टी की नीतियों की घोषणा करने की चुनौती दी।
भाजपा नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा ‘‘क्या उनके पास कोई नीति है उन्होंने ‘नीति’ (शब्द) केवल कागज पर लिखा है। उन्हें अपनी पार्टी की नीतियां स्पष्ट रूप से बतानी चाहिए।’’ इससे पहले ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री डी.सी. श्रीनिवासन ने विजय को चुनौती दी कि वे अन्नाद्रमुक के नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों एम जी रामचंद्रन व जे. जयललिता के नाम लिये बिना विधानसभा चुनाव लड़कर दिखाएं।
श्रीनिवासन ने कहा ‘‘यदि वह अपनी ताकत और पहचान पर भरोसा रखते हैं तो उन्हें हमारे नेताओं की विरासत का जिक्र करना और उनकी तस्वीरें दिखाना बंद करना चाहिए और फिर चुनावी मैदान में मुकाबला करना चाहिए।’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक मार्च की बैठक के स्थल का निरीक्षण करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में नागेंद्रन ने कहा कि विजय को अपनी पार्टी की नीतियां और सिद्धांत पहले स्पष्ट करने चाहिए और फिर भाजपा के बारे में बात करनी चाहिए।
उन्होंने पिछले साल करूर में हुई भगदड़ में 41 लोगों की मौत के लिए तमिलनाडु सरकार और टीवीके को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि टीवीके की पिछले हफ्ते सलेम में हुई बैठक में भी एक व्यक्ति की जान गई थी। विजय और अभिनेत्री त्रिशा पर अपने विवादित बयान के सवाल पर भाजपा नेता ने कहा कि उनका किसी को भी ठेस पहुंचाने का इरादा कभी नहीं था।हाल में जब उन्होंने कहा था कि विजय के पास राजनीतिक अनुभव नहीं है और उन्हें अपने परिवार पर ध्यान देना चाहिए।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common