‘भाजपा को जानो’ पहल के तहत नड्डा ने वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के नेता नेन से किया संवाद

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ सदस्य न्गूयेन वैन नेन से संवाद किया और इस दौरान उन्होंने उन्हें अपनी पार्टी के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान से अवगत कराया।

नेन वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी की पोलित ब्यूरो का सदस्य होने के साथ ही हो ची मिन्ह शहर में पार्टी समिति के सचिव भी हैं।

नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ सदस्य न्गूयेन वैन नेन से आज मुलाकात और संवाद करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। यह मुलाकात ‘भाजपा को जानो’ पहल का हिस्सा थी, जिसके तहत हम अपनी पार्टी के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हैं।’’

इस बीच, पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि ‘भाजपा को जानो’ पहल के तहत नड्डा नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा, सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन के अलावा अब तक यूरोपीय संघ सहित 47 देशों के राजनयिकों से बातचीत कर चुके हैं।

नेन के साथ हुई मुलाकात के दौरान भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष और पार्टी की विदेश मामलों की शाखा के प्रभारी विजय चौथाईवाले भी मौजूद थे। वियतनाम की ओर से नेन के अलावा वहां के वरिष्ठ नेता फम सान्ह चाऊ भी मौजूद थे।

भाजपा ने कहा कि नेन ने भाजपा की कार्यप्रणाली को समझने और दोनों देशों के साथ रिश्तों में मजबूती लाने के उद्देश्य से भाजपा मुख्यालय का दौरा किया।

इस संवाद के दौरान नेन ने कोरोना महामारी के दौरान भारत की ओर से वियतनाम को दी गई मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। राजधानी दिल्ली स्थित वियतनाम दूतावास में मंगलवार को महान वियतनामी नेता हो ची मिन्ह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। नेन ने इसके लिए भी भारत और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताया।

पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, नेन ने संवाद के दौरान भाजपा की कार्यप्रणाली, उसके संगठनात्मक ढांचे, कार्यकर्ताओं से संपर्क, जमीनी स्तर पर लोगों से उसके जुड़ाव, पार्टी की आंतरिक चुनाव प्रक्रिया और प्रशिक्षण से जुड़े कई सवाल पूछे।

नड्डा ने इन सवालों के जवाब दिए और भाजपा की लंबी यात्रा का इतिहास, भाजपा सरकार द्वारा किए किए जन कल्याणकारी काम और पार्टी की भावी योजनाओं के बारे में भी बताया।

संतोष ने वियतनामी नेताओं को पार्टी के आंतरिक संवाद, सदस्यता अभियान, नए सदस्यों के प्रशिक्षण और पार्टी के विस्तार के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: