भाजपा मणिपुर में दो-तिहाई बहुमत के लिए पूरा जोर लगाएगी: बिरेन सिंह

नयी दिल्ली, आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता बनाये रखने को लेकर विश्वास से भरे मणिपुर के पहले भाजपा मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह ने रविवार को कहा कि इस बार उनकी पार्टी अपना संख्या बल दोगुना कर लेगी और वह अपने बलबूते दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का प्रयास कर रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो चुनाव बाद गठबंधन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस न केवल मणिपुर बल्कि पूरे पूर्वोत्तर में सिकुड़ती जा रही है और उन्हें यकीन है कि उनकी सरकार के पांच साल के कामकाज को मतदाता पसंद करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले विधानसभा चुनाव में 21 सीटें जीतने के बाद भी दो स्थानीय दलों — एनपीपी एवं एनपीएफ के साथ मिलकर सरकार बनायी थी। तब कांग्रेस ने 28 सीटें जीती थी। बाद में कांग्रेस एवं कुछ अन्य दलों के विधायकों के दल-बदल करने से विधानसभा में भाजपा का संख्याबल बढ़ गया था।

मणिपुर में 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 27 फरवरी और तीन मार्च को दो चरणों में चुनाव होंगे। मतगणना 10 मार्च को होगी।

सिंह ने यहां पीटीआई-भाषा के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘ चुनाव में भारी बदलाव नजर आयेगा। हम अपनी सीटें दोगुनी कर लेंगे और हम दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ अब तक हमारा चुनाव पूर्व गठजोड़ नहीं है लेकिन यदि जरूरत महसूस हुई तो चुनाव बाद गठबंधन किया जा सकता है।’’

पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी एवं पत्रकार सिंह (61) ने पहली बार डेमोक्रेटिक रिवोल्युशनरी पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर 2002 में विधानसभा चुनाव जीता था तथा 2007 में बतौर कांग्रेस प्रत्याशी उन्होंने जीत दर्ज की थी।

वह 2016 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये। वह 2017 में हींगांग विधानसभा सीट से फिर निर्वाचित हुए। उसके बाद वह मणिपुर के 12वें मुख्यमंत्री बने। सिंह उसी सीट से फिर चुनाव लड़ सकते हैं।

वह सीटों के आवंटन एवं अन्य चुनाव संबंधी मुद्दों पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए यहां आये हैं।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: