भाजपा सरकार ने गुजरात के शिक्षा क्षेत्र में व्यापक बदलाव किए: प्रधानमंत्री मोदी

दहेगाम (गुजरात), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को बदल दिया है और इसे अधिक वैज्ञानिक और आधुनिक बना दिया है।

ज्ञात हो कि गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठा रही है।

गांधीनगर जिले के दहेगाम में दिन की तीसरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात में शिक्षा का बजट बढ़कर 33,000 करोड़ हो गया है जो कि कई राज्यों में कुल बजट से भी अधिक है।

प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार अभियान के दौरान शिक्षा के ‘‘दिल्ली मॉडल’’ का जोरशोर से जिक्र कर रहे हैं और वादा कर रहे हैं कि यदि राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो वह सरकारी विद्यालयों में आमूलचूल परिवर्तन करके दिखाएगी।

वर्ष 2001 से 2014 तक लगातार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे मोदी ने कहा, ‘‘करीब 20 से 25 साल पहले गुजरात में शिक्षा के लिए बजट आवंटन महज 1,600 करोड़ रुपये था। आज यह 33,000 करोड़ रुपये हैं जो कि कई राज्यों के कुल बजट से कई गुना अधिक है। हमने ये प्रगति की है।’’

दहेगाम में पांच दिसंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान होने हैं। गुजरात में पहले चरण के तहत एक दिसंबर को मतदान होगा।

मोदी ने कहा, ‘‘इस क्षेत्र में हमने जो बदलाव किए हैं उससे पूरे गुजरात के लोगों को फायदा हुआ है। गुजरात में भाजपा ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव किए हैं और इसे अधिक वैज्ञानिक और आधुनिक बनाया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि गांधीनगर अब शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बन गया है जहां बड़ी संख्या में कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं।

मोदी ने कहा कि दुनिया की पहली फोरेंसिक साइंस और चिल्ड्रेंस यूनिवर्सिटी भी गांधनगर में ही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत का पहला ऊर्जा विश्वविद्यालय (पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी) और भारतीय समुद्री विश्वविद्याालय भी गुजरात की राजधानी में हैं। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का कैंपस दहेगाम और गांधीनगर का गौरव है।’’

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टी के नेताओं के पास गुजरात के विकास को लेकर कोई दूरदृष्टि नहीं है और वे उनकी आलोचना करने में ही व्यस्त हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त करने के लिए काम कर रहे हैं। झुग्गी में रहने वालों की समस्याओं का निदान करने की बजाय कांग्रेस उनके समक्ष कुछ टुकड़े फेंका करती थी। यह भाजपा ही है जिसने उनके लिए पक्के मकान बनवाए।’’

ज्ञात हो कि भाजपा पिछले 27 सालों से राज्य की सत्ता में है। वह लगातार सातवां विधानसभा चुनाव जीतने के लिए अपना पूरा दमखम झोंक रही है।

गुजरात की 180-सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण में राज्य की 89 सीटों पर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर मतदान होने हैं। मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। इस चुनाव के मैदान में कुल 1621 उम्मीदवार ताल ठोंक रहे हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: