भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष के दौरान आठ विमान मार गिराए गए थे : ट्रंप ने दावा किया

न्यूयॉर्क, अक्सर विरोधाभासी बयान देने के लिए पहचाने जाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब दावा किया है कि मई में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध के दौरान आठ विमान मार गिराए गए थे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि ये विमान किस देश के थे।

ट्रंप ने बुधवार को फ्लोरिडा के मियामी में ‘अमेरिका बिजनेस फोरम’ को संबोधित करते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष के दौरान मार गिराए गए विमानों की संख्या सात के बजाय आठ बतायी। अब तक वह यही कहते रहे हैं कि संघर्ष के दौरान सात विमान मार गिराए गए थे।

उन्होंने कहा ‘‘पाकिस्तान और भारत…मैं उन दोनों के साथ एक व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहा था और तभी…मैंने सुना कि वे युद्ध करने जा रहे हैं। सात विमान मार गिराए गए और आठवां विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया… कुल मिलाकर आठ विमान मार गिराए गए।’’

ट्रंप ने यह भी दोहराया कि भारत और पाकिस्तान के बीच मई में तब ‘‘शांति स्थापित’’ हुई जब उन्होंने दोनों परमाणु सशस्त्र देशों को धमकी दी कि अगर वे अपना सैन्य संघर्ष जारी रखते हैं तो वह (ट्रंप) उनके साथ व्यापार समझौते रद्द कर देंगे। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकने के बाद से कई बार अपना यह दावा दोहराया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया ‘‘मैंने कहा यह युद्ध है…‘जब तक आप शांति के लिए सहमत नहीं होते तब तक मैं आप लोगों के साथ कोई व्यापार समझौता नहीं करूंगा। दोनों देशों ने कहा ‘बिल्कुल नहीं। इसका व्यापार से कोई लेना-देना नहीं है…’ मैंने कहा ‘इसका हर चीज से लेना-देना है। आप परमाणु शक्ति संपन्न हैं। मैं आपके साथ व्यापार नहीं करूंगा। अगर आप एक-दूसरे के साथ लड़ेंगे तो हम आपके साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।’’

उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा ‘‘एक दिन बाद मुझे फोन आया कि ‘हमने शांति स्थापित कर ली है।’ वे रुक गए। मैंने कहा ‘धन्यवाद। चलो व्यापार करते हैं।’ क्या यह बढ़िया नहीं है शुल्क (टैरिफ) के कारण ऐसा हुआ… टैरिफ के बिना यह कभी नहीं होता।’’

ट्रंप ने कहा कि आठ महीनों में उन्होंने कोसोवो और सर्बिया तथा कांगो और रवांडा सहित आठ युद्धों को समाप्त कर दिया जो लंबे समय से जारी थे।

ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि भारत और पाकिस्तान वाशिंगटन की मध्यस्थता में ‘‘देर रात’’ तक चली बातचीत के बाद ‘‘पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम’’ पर सहमत हो गए हैं। इसके बाद से वह 60 से अधिक बार यह दावा दोहरा चुके हैं। हालांकि भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से हमेशा इनकार किया है।

भारत ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले के जवाब में सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया जिसमें 26 नागरिक मारे गए थे।

भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद संघर्ष को समाप्त करने के लिए 10 मई को सहमति बनी। मियामी में अपने भाषण में ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने इजराइल और ईरान मिस्र और इथियोपिया आर्मेनिया और अजरबैजान तथा कंबोडिया और थाईलैंड के बीच भी संघर्षों को सुलझाने में मदद की।

ट्रंप ने कहा ‘‘ये सभी देश युद्ध में शामिल थे… कुछ युद्ध 32 साल पुराने थे। एक तो 38 साल पुराना था। मैंने इनमें से कुछ का निपटारा एक घंटे में कर दिया। संयुक्त राष्ट्र से कोई मदद नहीं मिली।’’

उन्होंने कहा कि दुनिया भर में अमेरिका अपनी ताकत के दम पर शांति स्थापित कर रहा है ‘‘क्योंकि वे जानते हैं कि वे हमारे साथ खिलवाड़ नहीं करेंगे। कोई भी हमारे साथ खिलवाड़ नहीं करेगा।’’

ट्रंप ने हाल ही में चीन जापान और मलेशिया के साथ किए गए आर्थिक समझौतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा ‘‘ये सभी शानदार आर्थिक समझौते हैं जो सभी के लिए फायदेमंद हैं।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: