भारत और पोलैंड 2030 तक 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की दिशा में काम करेंगे: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में पोलैंड के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। दोनों नेता रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार, निवेश और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर सहमत हुए।अपने संयुक्त प्रेस बयान में, मोदी ने कहा कि 2024 में उनकी पोलैंड यात्रा के बाद से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में काफी तेजी आई है।

उस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक पहुंचाया था। उन्होंने घोषणा की कि दोनों देश 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने और भरोसेमंद वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने की दिशा में काम करेंगे।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) लागू होने के बाद, पोलैंड को मशीनरी, रसायन, प्लास्टिक और इंजीनियरिंग सामानों के भारतीय निर्यात के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने रेलवे बुनियादी ढांचे, मोबिलिटी, उन्नत विनिर्माण (एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग), खाद्य प्रसंस्करण और जैव प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी) के क्षेत्रों में पोलिश निवेश के अवसरों पर भी जोर दिया।दोनों देश रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने पर सहमत हुए।

मोदी ने पोलिश कंपनियों को भारत में सह-विकास (को-डेवलपमेंट) और सह-उत्पादन (को-प्रोडक्शन) के अवसरों की तलाश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों और कोयला गैसीकरण (कोल गैसीफिकेशन) में साझेदारी पर भी चर्चा की।प्रौद्योगिकी क्षेत्र में, दोनों पक्ष ‘भारत-पोलैंड स्टार्टअप ब्रिज’ स्थापित करने और युवाओं के लिए संयुक्त प्रौद्योगिकी हैकाथॉन आयोजित करने पर सहमत हुए। इन पहलों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, वित्तीय प्रौद्योगिकी और अन्य उभरती हुई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।दोनों नेताओं ने संस्कृति, शिक्षा, खेल और पर्यटन के क्षेत्रों में भी सहयोग का विस्तार करने का निर्णय लिया। मोदी ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र किया।

उन्होंने दूसरे विश्व युद्ध के दौरान पोलिश परिवारों को भारत द्वारा दी गई मदद और 2022 में यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने में पोलैंड द्वारा दिए गए सहयोग को याद किया।दोनों प्रधानमंत्रियों ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। मोदी ने सार्थक शांति प्रयासों के लिए भारत के समर्थन को दोहराया और वैश्विक शासन संस्थानों में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि उन्हें अधिक प्रभावी और समावेशी बनाया जा सके।https://x.com/MEAIndia/status/2113153765897638319/photo/2

%d bloggers like this: