भारत 2026 एएफसी अंडर-17 एशियाई कप के ड्रॉ में उज्बेकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और उत्तर कोरिया के साथ

नयी दिल्ली, भारत को बृहस्पतिवार को कुआलालंपुर में एएफसी हाउस में कराए गए 2026 एएफसी अंडर-17 एशियाई कप के फाइनल ड्रॉ में ग्रुप डी में उज्बेकिस्तान ऑस्ट्रेलिया और उत्तर कोरिया के साथ रखा गया। यह टूर्नामेंट सऊदी अरब में पांच से 22 मई तक खेला जाएगा।

भारत ने एएफसी अंडर-17 एशियाई कप के इतिहास में 10वीं बार क्वालीफाई किया। टीम क्वालीफायर में ईरान लेबनॉन फलस्तीन और चीनी ताइपे से आगे रही।

भारतीय अंडर-17 टीम अपने अभियान की शुरूआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी जिसके बाद उज्बेकिस्तान और कोरिया के खिलाफ मुकाबले होंगे।

उज्बेकिस्तान गत चैंपियन है जिससे उसने स्वत: ही टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया। ऑस्ट्रेलिया को 2025 चरण में ग्रुप चरण से बाहर होना पड़ा था। उसने जॉर्डन भूटान और फिलीपींस पर जीत के बाद 2026 चरण के टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया।

दो दफा की पूर्व चैंपियन उत्तर कोरिया 2025 में सेमीफाइनल तक पहुंची थी जिससे वह मौजूदा चरण में स्वत: ही क्वालीफाई हो गई।

ग्रुप ए में मेजबान सऊदी अरब को ताजिकिस्तान थाईलैंड और म्यांमा के साथ रखा गया है। ग्रुप बी में जापान इंडोनेशिया चीन और कतर शामिल हैं।

प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टरफाइनल में जगह बनाएंगी और फीफा अंडर-17 विश्व कप कतर 2026 के लिए भी क्वालीफाई करेंगी।

’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: