मणिपुर सरकार अवैध प्रवासियों के बायोमेट्रिक पंजीकरण की जानकारी सार्वजनिक करे: एन बीरेन सिंह

इंफाल, मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने गृह विभाग से राज्य में अवैध प्रवासियों के बायोमेट्रिक पंजीकरण से जुड़ी अद्यतन जानकारी सार्वजनिक करने को कहा ताकि लोगों का विश्वास मजबूत हो और जनता की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता फिर से जाहिर हो सके।

सिंह की यह टिप्पणी मिजोरम सरकार के कथित तौर पर यह कहने के एक दिन बाद आई कि राज्य में शरण लिए हुए म्यांमा के शरणार्थियों का बायोमेट्रिक पंजीकरण अंतिम चरण में है। सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘यह राजनीति का मामला नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा हमारी सीमाओं की रक्षा और अपने लोगों के भविष्य को सुरक्षित करने से जुड़ा है।

मिजोरम सरकार ने अवैध प्रवासियों के आगमन पर कड़ी नजर रखकर और राज्य के हितों की रक्षा के लिए कदम उठाकर सतर्कता के महत्व को दर्शाया है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा ‘‘इसी तरह मणिपुर का गृह विभाग बायोमेट्रिक आंकड़ों के संग्रह से जुड़ी अद्यतन जानकारी नियमित रूप से साझा करे जिसमें पहचान किए गए और सत्यापित लोगों की संख्या भी शामिल हो। यह जनहित में होगा।’’

सिंह ने कहा कि इस तरह की पारदर्शिता से ‘‘लोगों का विश्वास मजबूत होगा’’ और ‘‘राज्य की सुरक्षा तथा यहां के मूल निवासी समुदायों के हितों की रक्षा’’ के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता फिर से जाहिर होगी।

मणिपुर के गृह मंत्री कोंथौजम गोविंदास ने अगस्त में विधानसभा को बताया था कि राज्य में अब तक म्यांमा के 24 475 अवैध प्रवासियों का पता लगाया गया है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: