मराठी फिल्म ‘गोंधल’ ऑस्कर पुरस्कार 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि

मुंबई, मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को ऑस्कर पुरस्कार 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के तौर पर चुना गया है। ‘फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया’ ने शुक्रवार को यह घोषणा की। संतोष डावखर द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसकी कहानी एक नवविवाहित जोड़े से जुड़ी पारंपरिक रस्म वाली एक रात के इर्द-गिर्द घूमती है। चयन समिति के अध्यक्ष पी. शेषाद्रि ने कहा कि 33 फिल्मों की सूची में से इस फिल्म को ऑस्कर 2027 के लिए चुना गया है।

पिछले साल भारत ने ऑस्कर के लिए अपनी आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में नीरज घेवाण की महामारी पर आधारित फिल्म “होमबाउंड” को चुना था। हालांकि यह अंतिम नामांकन में जगह नहीं बना सकी थी।

‘गोंधल’ ऑस्कर के लिए चुनी जाने वाली चौथी मराठी फिल्म है। इससे पहले ‘कोर्ट’ (2015) ‘हरिश्चंद्राची फॅक्टरी’ (2009) और “श्वास” (2005) को चुना गया था। किसी भी भारतीय फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में ऑस्कर हासिल नहीं किया है जिसे पहले सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म श्रेणी के नाम से जाना जाता था।

इस श्रेणी में अब तक केवल तीन भारतीय फिल्मों को नामांकन मिला है जिनमें “मदर इंडिया” मीरा नायर की “सलाम बॉम्बे” और आशुतोष गोवारिकर की “लगान” शामिल हैं। जॉन अब्राहम और लीजा रे अभिनीत दीपा मेहता की “वॉटर” को भी नामांकन मिला था लेकिन इसे कनाडा की ओर से भेजा गया था। अगले साल 14 मार्च को 99वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जायेगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: