महाराष्ट्र : कांग्रेस नेताओं ने बीएमसी चुनाव अपने बल पर लड़ने की मांग की

मुंबई, कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को फिर दोहराया कि वे मुंबई स्थानीय निकाय का अगला चुनाव अपने बूते पर लड़ना चाहते हैं।

कांग्रेस फिलहाल महाराष्ट्र में शिवसेना नीत गठबंधन सरकार का हिस्सा है। इसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) भी शामिल है।

महाराष्ट्र प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) महासचिव प्रभारी एच. के. पाटिल ने सोमवार को पूर्व मंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस के टिकट पर 2019 विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले लोगों से बातचीत कर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की। फिलहाल बीएमसी पर शिवसेना का कब्जा है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पिछला लोकसभा चुनाव लड़ने वाले पार्टी के नेता बैठक में शामिल नहीं हुए।

नेता ने बताया, ‘‘पाटिल ने नेताओं के विचार सुने, जिन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्थानीय निकाय चुनाव अपने बूते पर लड़ना चाहिए और कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने मुंबई इकाई और सभी नेताओं से एकजुट होकर काम करने और अधिकतम सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने को कहा।’’

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: