महाराष्ट्र: हड़ताल से हटी एमएसआरटीसी की एक यूनियन, प्रदर्शनकारी कर्मचारी अपने रुख पर अडिग

मुंबई, महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के राज्य सरकार के साथ विलय की मांग को लेकर जारी हड़ताल में शामिल एक यूनियन ने सोमवार को कहा कि वह मांगों पर राज्य के परिवहन मंत्री अनिल परब की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन से हट रही है।

हालांकि, दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन कर रहे अनेक कर्मचारियों ने सोमवार शाम कहा कि विलय की मांग स्वीकार होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

महाराष्ट्र राज्य कनिष्ठ वेतनश्रेणी एसटी कामगार संगठन के अध्यक्ष अजयकुमार गूजर ने घोषणा की कि उनकी यूनियन हड़ताल से हट रही है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से बुधवार तक ड्यूटी फिर से शुरू करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में विलय के लिए वचनबद्धता प्राप्त करने की लड़ाई जारी रहेगी। गूजर ने कहा कि उन्होंने 17 दिसंबर को राकांपा प्रमुख शरद पवार के साथ इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि विलय के मुद्दे पर अदालत जो भी फैसला देगी, उनका संघ उसे स्वीकार करेगा।

एमएसआरटीसी कर्मचारी 28 अक्टूबर से हड़ताल पर हैं। नौ नवंबर को हड़ताल तेज होने के बाद से सभी 250 डिपो पर बस संचालन प्रभावित है।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Getty Images

%d bloggers like this: