लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री अयोध्या धाम में देवी सीता के जीवन और आदर्शों को समर्पित एक वैदेही आर्ट गैलरी की स्थापना का निर्देश दिया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की बैठक में कहा कि देवी सीता भारतीय संस्कृति मर्यादा और नैतिक आदर्शों की अनुपम प्रेरणा हैं और नई पीढ़ी को उनके उज्ज्वल चरित्र से गहराई से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
प्रस्तावित आर्ट गैलरी की अवधारणा को रेखांकित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि यह पारंपरिक कला संग्रहालय नहीं होना चाहिए बल्कि अत्याधुनिक गहन सांस्कृतिक स्थान होना चाहिए जो समकालीन तकनीक के माध्यम से सीता के जीवन बलिदान करुणा गरिमा धैर्य और आंतरिक शक्ति की आधुनिक पुनर्कथा प्रस्तुत करे।
उन्होंने निर्देश दिया कि गैलरी की कथात्मक सामग्री डिज़ाइन दृश्य भाषा कला और तकनीक समेत सभी पहलू दैवीय विरासत के पुनरावलोकन की भावना को प्रतिबिंबित करें और उसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के स्रोत के रूप में प्रस्तुत किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ की मूल भावना यही हो कि आगंतुक सीता माता के जीवन-संदेश को केवल देखें नहीं बल्कि उसे अनुभव करें समझें और आत्मसात करें।
अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित की जा सकती।
उन्होंने कहा कि इस गैलरी का विकास अयोध्या के वैश्विक सांस्कृतिक नगर के रूप में उभरने के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण चरण होगा।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मिथिला की संस्कृति लोकपरंपरा और कला के विविध आयामों को गैलरी में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common