मोदी और सर्बिया के राष्ट्रपति ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की

नयी दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक से मुलाकात की और रक्षा  विनिर्माण  उर्वरक एवं बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग को प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की।

             यह मुलाकात 16 से 20 फरवरी तक यहां आयोजित एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।

             मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा  ‘‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक से मुलाकात की। हमने रक्षा  विनिर्माण  उर्वरक और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की। भारत और सर्बिया कई वर्षों से मिलकर काम कर रहे हैं और मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में हमारे संबंधों को और मजबूती मिलेगी।’’

             वुसिक ने कहा कि दोनों नेता सर्बिया और भारत एवं दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती पर गर्व महसूस करते हैं।

             वुसिक ने सर्बियाई भाषा में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा  ‘‘भारत हमारे लिए विश्वसनीय और महत्वपूर्ण साझेदार है  और हम आर्थिक आदान-प्रदान को गहरा करना चाहते हैं तथा नयी निवेश परियोजनाओं को प्रोत्साहित करना चाहते हैं। मुझे विशेष रूप से खुशी है क्योंकि भारत सर्बियाई एक्सपो में महत्वपूर्ण भागीदारी चाहता है।’’

             ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो’ में 600 से अधिक स्टार्टअप और 13 देशों की दीर्घाएं हैं जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पारिस्थितिकी तंत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करते हैं। इस शिखर सम्मेलन में 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष  60 मंत्री और 500 वैश्विक एआई नेता भाग ले रहे हैं।

 क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: