समरकंद, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर यूक्रेन की सेना रूस में ऊर्जा संयंत्रों और अन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाती है तो मास्को अपने हमले तेज कर सकता है।
उज्बेकिस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद पुतिन ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि यूक्रेन के पूरे पूर्वी डोनबास क्षेत्र की ‘‘मुक्ति’’ रूस का मुख्य सैन्य लक्ष्य है और इसमें कोई बदलाव करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्दी में नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि रूस ने यूक्रेन में लड़ने के लिए केवल स्वयंसेवी सैनिकों को तैनात किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूक्रेन ने रूस में ‘‘हमारे परमाणु संयंत्रों, परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के निकट’’ हमले शुरू करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन की इस कार्रवाई का जवाब देना जारी रखेगा।
पुतिन ने कहा, ‘‘अगर वे हमारी बात समझने में विफल रहते हैं तो हम जवाबी कार्रवाई करेंगे।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons