दुबई, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में इतिहास की कक्षाओं में ‘हॉलोकास्ट’ (यहूदी नरसंहार) के बारे में पढ़ाया जाएगा। अमेरिका में देश के दूतावास ने यह जानकारी दी।
दूतावास ने पाठ्यक्रम को लेकर कोई विवरण मुहैया नहीं कराया है।
बहरहाल, 2020 में अब्राहम (इब्राहीम) संधि के तहत यूएई समेत कुछ खाड़ी देशों ने इज़राइल के साथ रिश्ते सामान्य किए थे। यह संधि अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की मध्यस्थता से हुई थी।
दूतावास ने ट्विटर पर कहा, “ ऐतिहासिक ‘अब्राहम संधि’ के मद्देनजर (यूएई) अब प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के पाठ्यक्रम में ‘हॉलोकास्ट’ को शामिल करेगा।”
इस संधि के जरिए बहरीन और फिर मोरक्को ने भी इज़राइल को मान्यता दी थी।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाज़ी जर्मनी में यूरोप के 60 लाख यहूदियों का नरसंहार किया गया था। इसे ‘हॉलोकास्ट’ कहा जाता है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)