न्यूयॉर्क, यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते पर ट्रंप प्रशासन की पहली प्रतिक्रिया में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि भारत ‘‘आगे’’ रहा और इस समझौते से भारत को खूब लाभ होगा। ग्रीर भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए व्यापार समझौते के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे जिसे अब तक का सबसे बड़ा समझौता बताया जा रहा है।
ग्रीर ने मंगलवार को ‘फॉक्स बिजनेस’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा ‘‘मैंने अब तक इस सौदे के कुछ विवरण देखे हैं। सच कहूं तो मुझे लगता है कि इसमें भारत को सबसे ज्यादा फायदा होगा। उसकी यूरोपीय बाजार में पहुंच बढ़ेगी।’’
उन्होंने कहा ‘‘ऐसा लगता है कि भारत को कुछ अतिरिक्त आव्रजन अधिकार मिले हैं। मुझे पक्का तो नहीं पता लेकिन यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन ने भारतीय कामगारों के यूरोप में आवागमन के बारे में बात की है। इसलिए मुझे लगता है कि कुल मिलाकर भारत को इससे काफी फायदा होगा।’’
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यूरोपीय संघ वैश्वीकरण पर और अधिक जोर दे रहा है जबकि अमेरिका ‘‘वैश्वीकरण की कुछ समस्याओं को यहीं अमेरिका में ठीक करने’’ की कोशिश कर रहा है।
रूस से तेल खरीदने पर भारत पर लगने वाले 25 प्रतिशत अमेरिकी शुल्क के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में ग्रीर ने कहा कि नयी दिल्ली अब भी ये शुल्क चुका रही है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत अब भी रूसी तेल खरीद रहा है तो ग्रीर ने कहा ‘‘उन्होंने इस दिशा में काफी प्रगति की है। मैं भारत में अपने समकक्ष के साथ लगातार संपर्क में हूं। उनके साथ मेरे अच्छे कामकाजी संबंध हैं लेकिन इस मामले में उन्हें अब भी काफी आगे जाना है।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common