रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जापान के अपने समकक्ष यासुकाजु हमदा से की मुलाकात

तोक्यो भारत और जापान ने सैन्य अभ्यास और रक्षा सहयोग को बढ़ाने को लेकर बृहस्पतिवार को सहमति जतायी और इस बात पर जोर दिया कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता के बीच दोनों देशों की विशेष द्विपक्षीय रणनीतिक व वैश्विक साझेदारी एक स्वतंत्र, मुक्त और कानून-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

राजनाथ सिंह मंगोलिया तथा जापान की अपनी पांच दिवसीय यात्रा के आखिरी पड़ाव में तोक्यो पहुंचे हैं और यहां उन्होंने जापान के अपने समकक्ष यासुकाजु हमदा से बृहस्पतिवार को मुलाकात की।

वे दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच समन्वय को बढ़ावा देने के लिए सैन्य अभ्यास करने पर भी सहमत हुए।

सिंह ने हमदा ने मुलाकात के बाद ट्वीट किया, ‘‘ जापान के रक्षा मंत्री यासुकाजु हमदा के साथ द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग व क्षेत्रीय मामलों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस साल दोनों देश अपने राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ भारत और जापान एक विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी का अनुसरण करते हैं। जापान के साथ भारत की रक्षा साझेदारी स्वतंत्र, मुक्त और कानून-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’

हिंद-प्रशांत में चीन के बढ़ते सैन्य हस्तक्षेप के बीच भारत, अमेरिका और कई अन्य विश्व शक्तियां स्वतंत्र, मुक्त और कानून-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की आवश्यकता पर जोर दे रही हैं।

चीन लगभग पूरे विवादित दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता है, हालांकि ताइवान, फिलीपींस, ब्रुनेई, मलेशिया और वियतनाम भी इसके कुछ हिस्सों पर अपना दावा करते हैं। चीन ने दक्षिण चीन सागर में कृत्रिम द्वीप और सैन्य प्रतिष्ठान भी बनाए हैं।

भारत के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान सिंह ने इस बात को रेखांकित किया कि भारत-जापान द्विपक्षीय रक्षा अभ्यास में गहन साझेदारी दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का प्रमाण है।

उन्होंने रक्षा उपकरण और तकनीकी सहयोग के क्षेत्र में साझेदारी के दायरे का विस्तार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

बयान के अनुसार, मंत्री ने जापानी उद्योगों को भारत के रक्षा गलियारों में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया, जहां भारत सरकार द्वारा रक्षा उद्योग के विकास के लिए अनुकूल वातावरण बनाया गया है। दोनों मंत्रियों ने ‘धर्म गार्जियन’, ‘जिमेक्स’ और ‘मालाबार’ सहित द्विपक्षीय व बहुपक्षीय अभ्यास जारी रखने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उन्होंने इस वर्ष मार्च में अभ्यास ‘मिलन’ के दौरान ‘रेसिप्रोकल प्रोविजन ऑफ सप्लाई एंड सर्विसेज एग्रीमेंट’ के संचालन का स्वागत किया।

दोनों मंत्रियों ने इस बात पर भी सहमति व्यक्त की कि सैन्य अभ्यास की शुरुआत से दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच सहयोग गहरा होगा।

राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर जापान के अपने समकक्षों के साथ आज ‘टू प्लस टू’ प्रारूप में वार्ता करेंगे।

जापान के प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा के वार्षिक भारत-जापान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा करने के करीब पांच महीने बाद यह वार्ता हो रही है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: