मुंबई, सऊदी अरब की विमानन कंपनी रियाद एयर ने भारत में अपने परिचालन शुरू करने की घोषणा की। मुंबई और रियाद के बीच चार अगस्त से सीधी दैनिक उड़ान शुरू की जाएगी।
सऊदी अरब के संप्रभु धन कोष पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीपीएफ) समर्थित विमानन कंपनी ने बताया कि इस दैनिक उड़ान की बुकिंग छह जुलाई से शुरू होगी। मुंबई और रियाद के बीच यह दैनिक सेवा बोइंग बी787-9 विमान से संचालित की जाएगी जिसमें बिजनेस एलीट बिजनेस प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी की चार श्रेणियां होंगी।
रियाद एयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टोनी डगलस ने कहा ‘‘ भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक बनकर उभरा है। ऐसे में हमें यात्रियों को मुंबई से रियाद और वहां से यूरोप तक बेहतर वैश्विक संपर्क के साथ एक नया प्रीमियम विकल्प उपलब्ध कराते हुए खुशी हो रही है।’’
बयान के अनुसार मार्च 2023 में शुरू की गई रियाद एयर का लक्ष्य 2030 तक अपने उड़ान नेटवर्क को दुनिया भर के 100 से अधिक गंतव्यों तक पहुंचाना है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common