नयी दिल्ली, उत्तर मध्य रेलवे ने सोशल मीडिया पर रील और अन्य सामग्री बनाने वाले कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसी गतिविधियां न केवल रेल परिचालन की सुरक्षा के लिए खतरा हैं बल्कि अनधिकृत रूप से अतिरिक्त कारोबार करने के समान भी हैं।
उत्तर मध्य रेलवे ने 17 नवंबर 2026 को अपने तीन मंडलों- प्रयागराज झांसी और आगरा के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कार्यशालाओं को भेजे लिखित निर्देश में कहा कि कुछ रेल कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अपने सोशल मीडिया खातों पर रील बनाकर पोस्ट कर रहे हैं जो रेल परिचालन की सुरक्षा के लिहाज से नुकसानदेह है।
रेलवे ने कहा इस बात की भी प्रबल आशंका है कि कुछ कर्मचारी सोशल मीडिया पर सामग्री बनाने के जरिये आर्थिक लाभ कमा रहे हैं। यह अनधिकृत वाणिज्यिक उद्यम या अतिरिक्त कारोबार चलाने के समान है जो रेलवे सेवा (आचरण) नियमावली 1966 के नियम 15 का सीधा उल्लंघन है।
उसने कहा ड्यूटी के दौरान ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से कर्मचारियों का ध्यान गंभीर रूप से भटकता है रेल परिचालन की सुरक्षा खतरे में पड़ती है और प्रशासनिक ईमानदारी प्रभावित होती है।
उत्तर मध्य रेलवे ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने या ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। उसने मंडल अधिकारियों से नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती निर्देश जारी करने को कहा।
रेलवे ने व्यावसायिक लाभ और बिना अनुमति फिल्मांकन के मुद्दे पर भी जोर देते हुए कहा रेलवे परिसर या उपकरणों का इस्तेमाल व्यावसायिक लाभ के लिए फिल्मांकन करने में औपचारिक अनुमति या निर्धारित फिल्म शूटिंग/वाणिज्यिक शुल्क का भुगतान किए बिना प्रतिबंधित है।
उसने कहा कि यदि ऐसी पोस्ट से व्यावसायिक लाभ होने की बात सामने आती है तो निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। ऐसा नहीं करने पर उचित दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
उत्तर मध्य रेलवे ने मंडलों और कार्यशालाओं को फिल्मांकन की अनुमति से संबंधित विस्तृत नीति भी भेजी है।
यह स्वीकार करते हुए कि कुछ रेल कर्मचारी शैक्षणिक या जागरूकता संबंधी सामग्री पोस्ट करते हैं रेलवे ने कहा रेलवे के बारे में शैक्षणिक या सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जाने वाली पोस्ट सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति से ही प्रकाशित की जा सकती हैं।
उसने कहा सोशल मीडिया पर अक्सर सामग्री पोस्ट करने वाले कर्मचारियों को रेलवे प्रशासन के समक्ष औपचारिक लिखित आश्वासन देना होगा कि उन्हें ऐसी पोस्ट से कोई आर्थिक लाभ नहीं होता और उनकी गतिविधियों से रेलवे की सुरक्षा प्रभावित नहीं होती।
उत्तर मध्य रेलवे ने मंडल और कार्यशाला अधिकारियों से रेल कर्मचारियों के सक्रिय सोशल मीडिया खातों पर करीबी नजर रखने को भी कहा है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common