लखनऊ, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखायी और गोमतीनगर स्टेशन के नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश में 97,000 करोड़ रूपये की लागत वाली रेलवे की परियोजनाऐं चल रही हैं।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि राजधानी के गोमतीनगर स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोमतीनगर स्टेशन पर नवनिर्मित द्वितीय प्रवेश द्वार सहित टर्मिनल सुविधाओं एवं कोचिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन फलक अनावरण कर तथा गोमती नगर-कामाख्या एक्सप्रेस, मैलानी-बिछिया सवारी गाड़ी एवं कानपुर सेन्ट्रल-बह्मावर्त मेमू गाड़ी को हरी झंडी दिखायी।
समारोह को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि लखनऊ शहर का तेजी से विकास एवं विस्तार हो रहा है और यह नगर शैक्षणिक, औद्यौगिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए गोमतीनगर स्टेशन को टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित किया गया और कोचिंग कॉम्प्लेक्स सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्र के निवासियों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों की काफी समय से मांग थी कि लखनऊ से गुवाहाटी के लिये गाड़ी चलाई जाये। गोमतीनगर को टर्मिनल स्टेशन में विकसित किये जाने के पश्चात इसे ध्यान में रखते हुये गोमतीनगर – कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के संचलन की स्वीकृति प्रदान की और आज इस एक्सप्रेस ट्रेन की शुरूआत की गयी।
रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि स्टेशनों का विकास अगले 50 साल की आवश्यकताओं को ध्यान में रख कर किया जा रहा है। रेलवे एवं डाक विभाग के संयुक्त प्रयासों से किसानों एवं छोटे उद्यमियों के माल देश के कोने-कोने में भेजे जा रहे हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में बहुमुखी विकास कार्य हो रहे हैं।
एनसीआर रेलवे के शिवम शर्मा ने बताया कि मन्धाना-बह्मावर्त खण्ड का आमान परिवर्तन एवं विद्युतीकरण पूरा होने के पश्चात बृहस्पतिवार को कानपुर सेन्ट्रल-बह्मावर्त मेमू गाड़ी की शुरूआत की गयी।
उन्होंने बताया कि 15078 गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस नियमित रूप से 10 जनवरी 2022 से प्रत्येक सोमवार को गोमतीनगर से 10:00 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 15:30 बजे कामख्या पहुँचेगी। वापसी यात्रा में 15077 कामाख्या-गोमतीनगर एक्सप्रेस 11 जनवरी 2022 से प्रत्येक मंगलवार को 18:30 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन 01.40 बजे गोमतीनगर पहुँचेगी।
शर्मा ने बताया कि हिमालय की तलहटी में स्थित मैलानी-दुधवा क्षेत्र के लोगों एवं दुधवा नेशनल पार्क जाने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिये मीटर गेज खंड पर पर्यटक कोच युक्त मैलानी-बिछिया सवारी गाड़ी का शुभारम्भ किया गया। 05320 मैलानी-बिछिया विशेष गाड़ी एवं 05319 बिछिया-मैलानी विशेष 08 जनवरी 2022 से सप्ताह में तीन दिन चलाई जायेगी। 05320 मैलानी-बिछिया विशेष गाड़ी 08 जनवरी 2022 से प्रत्येक शनिवार, रविवार एवं सोमवार को मैलानी से 07:00 बजे प्रस्थान कर बिछिया 11:30 बजे पहुंचेगी। 05319 बिछिया-मैलानी विशेष गाड़ी 08 जनवरी से प्रत्येक शनिवार, रविवार एवं सोमवार को बिछिया से 13:45 बजे प्रस्थान कर मैलानी 17:55 बजे पहुंचेगी।
क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons