बेरूत, लेबनान के पूर्व राष्ट्रपति केमिली शमून की पोती ट्रैसी ने नकदी संकट से जूझ रहे देश के आगामी राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए सोमवार को अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की।
उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा ईरान समर्थित शिया समूह हिज्बुल्ला के आलोचक मंच पर की।
लेबनान अभी आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जिसे विश्व बैंक ने एक सदी से भी अधिक समय में दुनिया का सबसे खराब आर्थिक संकट बताया है। लेबनान की तीन चौथाई आबादी गरीबी में जी रही है।
ट्रैसी शमून (61) को संसद में लेबनान के सत्तारूढ़ दलों में से किसी का भी अभी औपचारिक समर्थन नहीं मिला है। राष्ट्रपति पद के लिए देश के 128 सांसद मतदान करेंगे।
शमून ने लेबनान की अर्थव्यवस्था को बचाने तथा अंतरराष्ट्रीय दानदाताओं के साथ फिर से विश्वास बहाल करने जैसे अहम सुधारों का आह्वान किया है। उन्होंने राजनीति तथा सुरक्षा में हिज्बुल्ला की प्रभावशाली भूमिका की खासतौर से आलोचना की।
शमून एक प्रभावशाली ईसाई राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके दादा एवं दिवंगत राष्ट्रपति ने दक्षिणपंथी नेशनल लिबरल पार्टी की स्थापना की थी। वह डैनी शमून की बेटी हैं, जिन्होंने लेबनान के गृह युद्ध में पार्टी की ‘‘टाइगर्स’’ मिलिशिया का नेतृत्व किया था।
पांच बंदूकधारियों ने 1990 में उनके पिता, उनकी दूसरी पत्नी इनग्रिड तथा पांच और सात साल के उनके बेटों की हत्या कर दी थी। हमले में दंपति की 11 महीने की बेटी बच गयी थी। उस समय 30 साल की ट्रैसी लंदन में रह रही थीं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)