वायु प्रदूषण: मानकों के उल्लंघन पर एनसीआर की 16 औद्योगिक इकाइयां बंद करने का निर्देश

नयी दिल्ली, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में स्थित 16 औद्योगिक इकाइयों को बंद करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि विस्तृत निरीक्षण के दौरान इन इकाइयों में पर्यावरण नियमों का गंभीर और निरंतर उल्लंघन पाया गया।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई वायु प्रदूषण को रोकने और वैधानिक निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए संचालित अभियान के अंतर्गत की गई। इन 16 इकाइयों में से 14 हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित हैं जबकि एक-एक इकाई उत्तर प्रदेश और राजस्थान में है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा निरीक्षण में गंभीर पर्यावरणीय उल्लंघन सामने आए हैं जिनमें अनिवार्य स्थापना की सहमति और संचालन की सहमति के बिना काम करना वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का न होना या उनका बंद पड़ा होना तथा प्रतिबंधित ईंधन का उपयोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कई इकाइयां ग्रैप के तहत प्रतिबंधित अवधि में भी संचालित पाई गईं। इसके अलावा डीजल जनरेटर सेट के मानकों का उल्लंघन और औद्योगिक प्रक्रियाओं से निकलता धुआं भी देखा गया।

आयोग ने इन चूकों को गंभीरता से लेते हुए दोषी इकाइयों को तब तक बंद रखने का निर्देश दिया है जब तक कि वे सभी आवश्यक वैधानिक मानकों को पूरा नहीं कर लेतीं।

आयोग ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी इकाइयों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: