विकसित भारत के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए लोगों के बीच एकता जरूरी : प्रधानमंत्री मोदी

पणजी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए लोगों के बीच एकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत आज सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है।

श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ के 550 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोहों के तहत गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा ‘‘जब समाज एकजुट होता है जब प्रत्येक क्षेत्र एक साथ खड़ा होता है तो देश बड़ी छलांग लगाता है।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ‘‘आज भारत एक सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है। अयोध्या में राम मंदिर का जीर्णोद्धार काशी विश्वनाथ धाम का व्यापक जीर्णोद्धार और उज्जैन में महाकाल महालोक का विस्तार ये सभी देश की नयी चेतना और इसकी आध्यात्मिक विरासत के सशक्त पुनरुत्थान के उदाहरण हैं।’’

उन्होंने कहा कि अनेक कठिन परिस्थितियों के बावजूद गोवा ने न केवल अपनी मूल संस्कृति को बरकरार रखा है बल्कि समय के साथ इसे पुनर्जीवित भी किया है। मोदी ने कहा कि ऐसे समय भी आए जब गोवा के मंदिरों और स्थानीय परंपराओं को भाषा और सांस्कृतिक पहचान पर दबाव के कारण संकट का सामना करना पड़ा लेकिन ये परिस्थितियां समाज की आत्मा को कमजोर नहीं कर सकीं बल्कि उन्होंने इसे और भी दृढ़ बनाया। उन्होंने कहा कि यह गोवा की अनूठी विशेषता है कि इसकी संस्कृति ने हर बदलाव में अपने मूल स्वरूप को बरकरार रखा है और समय के साथ ये पुनर्जीवित भी हुई है।

मठ की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि पिछले 550 वर्षों में इस संस्था ने ‘‘समय के अनगिनत चक्रवातों को सहन किया है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा ‘‘युग बदले कालखंड बदले देश और समाज में अनेक परिवर्तन हुए लेकिन बदलते युग और चुनौतियों के बीच भी मठ ने अपनी दिशा नहीं खोई बल्कि लोगों को दिशा देने वाले केंद्र के रूप में उभरा और यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।’’

मोदी ने रामायण पर आधारित एक थीम पार्क का भी उद्घाटन किया और कहा कि ये नये परिसर आने वाली पीढ़ियों के लिए ध्यान प्रेरणा और भक्ति के स्थायी केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि साधुओं और संतों की संगति में आना एक आध्यात्मिक अनुभव है। मोदी ने दक्षिण गोवा के पर्तगाली स्थित मठ में मंदिर का भी दौरा किया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: