कोलंबो, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने अभिनेता से नेता बने चंद्रशेखर जोसेफ विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर रविवार को बधाई दी और श्रीलंका एवं दक्षिण भारतीय इस राज्य के बीच गहरे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। दिसानायके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि श्रीलंका और तमिलनाडु ‘‘इतिहास संस्कृति उद्यमिता और लोगों के बीच पीढ़ियों से बरकरार मजबूत संबंधों’’ से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा ‘‘श्रीलंका एवं भारत अपने संबंधों को और घनिष्ठ एवं साझेदारी को और मजबूत बना रहे हैं तथा हमारा भविष्य अपार आर्थिक संभावनाओं एवं अवसरों से भरा है।’’ दिसानायके ने कहा कि वह ‘‘अधिक समृद्धि और प्रगति’’ के लिए भारत-श्रीलंका साझेदारी के ढांचे के तहत मिलकर काम करने को उत्सुक हैं। उन्होंने कहा ‘‘श्रीलंका के लोग मेरे साथ मिलकर आपको और तमिलनाडु के लोगों को सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’’
श्रीलंका की आबादी में तमिलों की हिस्सेदारी करीब 18 प्रतिशत है और वे उसका सबसे बड़ा जातीय अल्पसंख्यक समुदाय हैं। तमिल आबादी में मुख्य रूप से दो समूह हैं। इनमें श्रीलंकाई तमिल शामिल हैं जो लंबे समय से वहां रह रहे लोगों के वंशज हैं और उनकी हिस्सेदारी करीब 13 प्रतिशत है। दूसरा समूह भारतीय तमिलों का है जो ब्रिटिश शासन के दौरान लाए गए बागान मजदूरों के वंशज हैं और वे करीब पांच प्रतिशत हैं। वे मुख्य रूप से उत्तरी और पूर्वी प्रांतों में रहते हैं
। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक प्रमुख 51-वर्षीय विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चेन्नई में आयोजित रंगारंग समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common