संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए वैश्विक संधि की हिमायत की

नैरोबी, संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के प्रतिनिधि प्लास्टिक प्रदूषण पर एक बाध्यकारी वैश्विक संधि के लिए प्रस्तावों पर विचार कर रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण सभा की बैठक 28 फरवरी से दो मार्च तक केन्या की राजधानी नैरोबी में होनी है। इस बैठक में दुनिया भर के समुद्रों, नदियों और मैदानी भागों में प्लास्टिक कचरे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय रूपरेखा का प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की कार्यकारी निदेशक इंगर एंडरसन ने कहा, ‘‘इतिहास में पहली बार हम प्लास्टिक प्रदूषण की इस समस्या का समाधान खोजने के लिए अभूतपूर्व वैश्विक आंदोलन को मूर्त रूप लेते देख रहे हैं।’’

सत्र की तैयारियों के बीच एंडरसन ने सदस्य देशों से इस अवसर का उपयोग प्लास्टिक के साथ लोगों के संबंधों में हमेशा के लिए बदलाव लाने को कहा है। साथ ही इस समस्या के समाधान के लिए विस्तृत वैश्विक समझौता करने को भी कहा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: