सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने 2023 के लिये केंद्र का आधिकारिक कैलेंडर जारी किया

नयी दिल्ली, केन्‍द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने 2023 के लिए भारत सरकार का आधिकारिक कैलेंडर जारी किया।

उन्होंने कहा कि यह न केवल नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों और इसकी भविष्य की प्रतिबद्धताओं को प्रदर्शित करेगा बल्कि “हमारे कर्तव्यों की याद दिलाने” का भी काम करेगा।

यहां एक कार्यक्रम में ‘भारत सरकार का कैलेंडर 2023’ जारी करते हुए अपने संबोधन में सूचना व प्रसारण मंत्री ने कहा कि ‘नया वर्ष नया संकल्प’ विषय के साथ इस कैलेंडर को देश भर में सरकारी दफ्तरों और पंचायती राज संस्थाओं में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कैलेंडर में 12 महीनों के लिये 12 छवियों का “प्रभावशाली संग्रह” है जो “गतिशील रूप से बढ़ते भारत” को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि 12 महीनों के लिए 12 थीम सरकार द्वारा लोक कल्याण के लिए किए गए “अथक प्रयासों” की एक झलक है। वे प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ को दर्शाते हैं।

2020 में देश में आई कोविड-19 महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद केंद्र के आधिकारिक कैलेंडर को डिजिटल और भौतिक दोनों स्वरूपों में प्रकाशित किया गया है।

उन्होंने कहा, “कैलेंडर की कुल 11 लाख प्रतियां छापी जाएंगी, 2.5 लाख प्रतियां पंचायतों में वितरित करने के लिये क्षेत्रीय भाषाओं में होंगी।”

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : https://en.wikipedia.org/wiki/Anurag_Thakur#/media/File:The_Union_Minister_for_Information_&Broadcasting,_Youth_Affairs_and_Sports,_Shri_Anurag_Singh_Thakur_holding_a_press_conference_on_Cabinet_Decisions,_in_New_Delhi_on_July_22,_2021(1).jpg

%d bloggers like this: