स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 30 से अधिक परियोजनाएं जारी : मिजोरम के उप मुख्यमंत्री

आइजोल, मिजोरम के उपमुख्यमंत्री तानलुइया ने कहा कि राज्य में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 30 से अधिक परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।  तानलुइया के पास लोक स्वास्थ्य अभियंता तथा शहरी विकास और गरीबी उन्मूलन (यूडीपीए) विभाग भी है। उन्होंने मंगलवार को आइजोल के जरकॉ क्षेत्र में एक बहुद्देशीय परिसर की आधारशिला रखी।


उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण कई स्मार्ट सिटी मिशन परियोजनाओं में देरी हुई है। तानलुइया ने कहा, “इस तरह की बाधाओं के बावजूद, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 30 से अधिक परियोजनाएं लागू की जा रही हैं और उनमें से तीन पूरी हो चुकी हैं।” उन्होंने कहा कि लालडेंगा सांस्कृतिक केंद्र सहित दस और परियोजनाएं कतार में हैं। उपमुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रस्तावित सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने कहा कि आइजोल में असम राइफल्स मैदान में लालडेंगा सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा।


दिल्ली में मुख्यमंत्री जोरामथंगा के साथ बैठक के दौरान, शाह ने बताया था कि वह एक अप्रैल को आइजोल के पास जोखावसांग में असम राइफल्स परिसर का उद्घाटन करेंगे और लालडेंगा सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखेंगे।
मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के संस्थापक लालडेंगा, 1987 में राज्य का दर्जा प्राप्त करने के बाद मिजोरम के पहले मुख्यमंत्री बने थे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: