नयी दिल्ली, सरकारी कंपनी हिंदुस्तान कॉपर का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत लाभ दोगुने से ज्यादा होकर 156.30 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान तिमाही में 62.87 करोड़ रुपये था।
अक्टूबर-दिसंबर 2025 के दौरान कंपनी का एकीकृत राजस्व बढ़कर 687.34 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान तिमाही में 327.77 करोड़ रुपये था।
सरकारी कंपनी 2030-31 तक अपनी अयस्क उत्पादन क्षमता को मौजूदा 40 लाख टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर 1.22 करोड़ टन प्रति वर्ष करने की योजना बना रही है।
हिंदुस्तान कॉपर तांबे के अयस्क के खनन कार्य में लगी हुई है। देश में तांबे के अयस्क के लिए सभी परिचालन खनन पट्टे उसके पास ही हैं।
कंपनी ने वर्ष 2024-25 में परिचालन से अब तक का सबसे ज़्यादा राजस्व 2 070.97 करोड़ रुपये अर्जित किया जो वित्त वर्ष 2023-24 के 1 717 करोड़ रुपये से 21 प्रतिशत अधिक है।
इसका शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2024-25 में 42 प्रतिशत बढ़कर 468.53 करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2023-24 में 295.41 करोड़ रुपये था।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common