हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी लाल सागर में रणनीतिक रूप से अहम और द्वीपों पर कब्जा किया

काहिरा, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दक्षिणी लाल सागर में रणनीतिक रूप से अहम कुछ और द्वीपों पर कब्जा कर लिया है जिससे इस प्रमुख समुद्री व्यापार मार्ग पर उनकी पकड़ और मजबूत हो गई है। यमन सरकार एवं हूती अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। ‘ग्रेटर हनीश’ और ‘लेसर हनीश’ द्वीपों पर यह कब्जा ऐसे समय हुआ है जब बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास हूतियों के तेजी से आगे बढ़ने के बाद सऊदी अरब समर्थित सरकारी बल सप्ताहांत में फिर से संगठित होकर जवाबी कार्रवाई की कोशिश कर रहे थे। बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य होर्मुज जलडमरूमध्य का एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक समुद्री मार्ग है।

हूतियों द्वारा और द्वीपों पर कब्जा किए जाने से सऊदी अरब के कच्चे तेल की खेप को निशाना बनाने की विद्रोहियों की क्षमता और बढ़ गई है। सऊदी अरब होर्मुज जलडमरूमध्य की जगह लाल सागर के रास्ते कच्चा तेल भेज रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान जहाजों पर हमले कर रहा है। सऊदी अरब के तेल बुनियादी ढांचे और लाल सागर में उसके जहाजों पर हूती हमलों के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति और कीमतों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इससे अमेरिका के साथ युद्ध में ईरान को बढ़त मिल सकती है। दो सरकारी अधिकारियों और एक हूती अधिकारी के अनुसार सरकार समर्थक सैकड़ों सैनिकों के द्वीपसमूह से हटने के बाद विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से 160 किलोमीटर उत्तर में स्थित हनीश द्वीपों पर अपने लड़ाकों को तैनात कर दिया।

हूतियों ने पिछले सप्ताह पास के मुख्य भूभाग पर स्थित मोखा बंदरगाह शहर और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के भीतर स्थित मायून द्वीप पर भी कब्जा कर लिया था। हूती विद्रोही अब बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के दूसरी ओर जिबूती स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे से केवल 32 किलोमीटर दूर रह गए हैं।

हूतियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के बलों की ओर से किसी खास प्रतिरोध का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि सप्ताहांत में इन बलों ने फिर से संगठित होने की कोशिश की और यमन की सेना ने रविवार देर रात कहा कि वह जलडमरूमध्य के उत्तर में स्थित रणनीतिक शहर धुबाब की ओर बढ़ी है। इस लड़ाई के कारण यमन फिर से पूर्ण गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है। पिछले तीन वर्ष से संघर्षविराम के कारण देश में काफी हद तक शांति बनी हुई थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: