लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हवाला नेटवर्क नकली करेंसी अवैध धर्मांतरण साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए प्रदेश की व्यवस्था को भीतर से कमजोर करने की साजिश की जा रही है और दुश्मन अब सीधे हमले के बजाय अदृश्य मोर्चे से वार कर रहा है।
योगी ने कहा कि ऐसी साजिशों से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को आधुनिक तकनीक एवं बेहतर तालमेल के साथ काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की।
उन्होंने कहा ‘‘उत्तर प्रदेश जो कभी दंगों और अपराध के लिए जाना जाता था आज कानून के राज की मिसाल बन रहा है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकवाद के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।’’
योगी ने कहा कि उप्र पुलिस एवं एटीएस ने कई साजिशों का पर्दाफाश किया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट काम कर रही हैं और 10 नई यूनिट बनाई गई हैं। एटीएस में अवैध धर्मांतरण सेल क्रिप्टो एनालिसिस विंग और साइबर ऑपरेशन टीम भी है।
कार्यक्रम में एनएसजी और एटीएस के कमांडो ने आतंकवादी हमलों बंधकों को छुड़ाने विस्फोटक निष्क्रिय करने और वीआईपी सुरक्षा का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर से उतरकर अभियान चलाने का अभ्यास भी किया गया।
राष्ट्रीय सुरक्षा गारद (एनएसजी) के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने बताया कि एक महीने के प्रशिक्षण में यूपी पुलिस के जवानों को आतंकवाद विमान अपहरण और ड्रोन निरोध सहित 13 विशेष पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने अयोध्या में एनएसजी टास्क फोर्स के लिए आठ एकड़ और मिल्कीपुर में एनएसजी केंद्र के लिए 65 एकड़ जमीन देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common