अंडमान में पांच महीनों में 150 करोड़ रुपये की 252 किलोग्राम मेथामेफ्टामाइन जब्त

पोर्ट ब्लेयर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की पुलिस ने बीते पांच महीनों में 150 करोड़ रुपये मूल्य की 252 किलोग्राम मेथामेफ्टामाइन (मादक पदार्थ) जब्त की और 69 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस दौरान काले बाजार में लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की एक किलोग्राम कोकीन, 49 किलोग्राम मारिजुआना, तीन किलोग्राम भांग के पौधे, खांसी की दवाई की 497 बोतलें और लगभग 50,000 रुपये की बेचैनी को कम करने वाली दवाई अल्प्राजोलम की 583 गोलियां जब्त कीं।

             अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा, “पुलिस द्वीप को नशा मुक्त बनाने की पूरी कोशिश कर रही है। हमने केंद्रीय गृहमंत्री के निर्देशों के अनुसार मादक पदार्थों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है और इससे जुड़े परिणाम उत्साहजनक हैं।”

             उन्होंने कहा,”हम नशीली दवाओं को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। हम किसी भी मादक पदार्थ तस्कर को नहीं छोडेंगे। यहां के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए जमीनी स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ने का पूरा श्रेय मेरे अधिकारियों और कर्मियों को जाता है और हमें जनता से पूरा समर्थन मिल रहा है।”

             श्रीवास्तव ने जून में डीजीपी का पदभार संभालने के बाद द्वीप से मादक पदार्थों के खतरे को खत्म करने के लिए अपराध जांच विभाग के पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में एक कार्य बल का गठन किया था।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: