भोपाल, हॉकी इंडिया ने जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से छह जून तक होने वाले पुरूष अंडर 18 एशिया कप के लिये 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की है जिसके कप्तान केतन कुशवाहा होंगे ।
टीम का चयन कोच सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा की देखरेख में हुए राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के दौरान किया गया । भारतीय टीम ने तैयारियों के लिये यहां आस्ट्रेलिया अंडर 18 टीम के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला खेली जिसमें दो मैच ड्रॉ रहे एक जीता और एक गंवाया ।
हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार भारत को पूल ए में दक्षिण कोरिया जापान चीनी ताइपै और कजाखस्तान के साथ रखा गया है । भारत को 29 मई को कजाखस्तान से 31 मई को जापान से एक जून को दक्षिण कोरिया और तीन जून को चीनी ताइपै से खेलना है ।
पूल ए और बी की शीर्ष दो टीमें पांच जून को सेमीफाइनल खेलेंगी जबकि फाइनल छह जून को खेला जायेगा । पूल बी में मलेशिया पाकिस्तान बांग्लादेश और चीन की टीम है ।
टीम के बारे में कोच सरदार ने कहा ‘‘ चयन प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी थी लेकिन हमने टीम संतुलन को ध्यान में रखकर 18 खिलाड़ियों को चुना । पिछले कुछ सप्ताह हमने तकनीकी कौशल पेनल्टी कॉर्नर और ढांचे पर काम किया ।’’
भारतीय अंडर 18 टीम :
गोलकीपर : सावन कुमार आयुष रजक
डिफेंडर : अंश बहुत्रा अरमान सोरेंग आशीष तानी पूर्ति अर्शदीप सिंह अवि मानिकपुरी रोमित पाल
मिडफील्डर : राहुल यादव प्रेमचंद सॉय वरिंदर सिंह करण गौतम सिद्धार्थ बेन
फॉरवर्ड : केतन कुशवाहा (कप्तान) आकाश दीप गाजी खान शाहरूख अली प्रहलाद
राजभर ।
’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common