नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक सांसद ने शुक्रवार को कहा कि अगला चुनाव मोदी सरकार की 10 साल की नीतियों और विकास कार्य बनाम पूर्ववर्ती संप्रग सरकार की ‘नीतिगत पंगुता’ तथा देरी के कारण विकास नहीं होने पर होगा। महाराष्ट्र के नंदूरबार से भाजपा की सांसद हिना गावित ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए कहा कि गत 31 जनवरी को एक महिला राष्ट्रपति के अभिभाषण देने, एक फरवरी को एक महिला वित्त मंत्री के अंतरिम बजट प्रस्तुत करने के बाद आज आदिवासी बहुल क्षेत्र की महिला सदस्य के रूप में ‘मुझे’ धन्यवाद प्रस्ताव रखने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने 75 मिनट के अभिभाषण में देश की 75 वर्ष की यात्रा का उल्लेख किया तो अगले 25 वर्ष का दृष्टिकोण भी प्रस्तुत किया।
गावित ने कहा कि उनके अभिभाषण के समय विपक्ष के साथियों के चेहरों पर मिले-जुले भाव दिखे। उन्होंने कहा कि कई बार विपक्षी सांसद इस बात से हैरान दिखे कि इस सरकार के नाम इतनी सारी उपलब्धियां हैं, तो कई बार वे इस बात को लेकर संशय में दिखे कि वे किस विषय को लेकर सरकार पर आरोप लगाएंगे और कटाक्ष करेंगे। उन्होंने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में सदन में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देते हुए जो शेर पढ़ा था, वह आज विपक्षी गठजोड़ पर पूरी तरह खरा उतरता है।
गावित ने मशहूर शायर दीक्षित दनकौरी का शेर पढ़ा, ‘‘न माझी, न रहबर, न हक में हवाएं। है कश्ती भी जर्जर, ये कैसा सफर है।’’
भाजपा सांसद ने कहा कि आज ‘इंडिया’ गठबंधन की हालत ऐसी क्रिकेट टीम की तरह है जिसके सभी 11 खिलाड़ी कप्तान बनना चाहते हैं। उन्होंने एक रियलिटी टेलीविजन शो का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी गठजोड़ की स्थिति ‘बिग बॉस’ के घर की तरह है जहां सभी प्रतिभागी एक छत के नीचे रहते हैं, लेकिन सभी की नजर प्रधानमंत्री पद की कुर्सी पर रहती है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट में यह विश्वास जताया है कि अगले वित्त वर्ष का पूर्ण बजट फिर से मोदी सरकार ही लाएगी। गावित ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि मोदी सरकार की नीतियों और विकास कार्यों के कारण जनता इस बार भी उन्हें ही अवसर देगी।’’
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को जहां सरकार की योजनाओं के जमीन पर उतरने का लाभ मिलेगा, वहीं पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के 10 साल की ‘नीतिगत पंगुता’ और देरी के कारण विकास कार्य रुक जाने का नुकसान विपक्षी दलों को होगा। गावित ने कहा कि अगला चुनाव मोदी सरकार की ‘एफिशियेंसी’ (दक्षता) बनाम ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘डेफिशियंसी’ (कमियों) होगा। उन्होंने कहा कि हाल में एक विपक्षी सांसद के घर इतनी धनराशि मिली कि तीन दिन तक नोट गिने जाते रहे, जबकि देश में इतने बड़े चुनाव के बाद मतगणना भी एक दिन में हो जाती है।
भाजपा सदस्य ने कहा कि सरकार जहां एकजुट है, वहीं विपक्ष अस्थिर और बिखरा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पंच तत्वों- महिला, किसान, गरीब, युवा और अवसंरचना पर ध्यान केंद्रित करते हुए काम कर रहे हैं। गावित ने कहा कि मोदी सरकार महिला सशक्तीकरण के साथ ‘महिला नीत विकास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी महिलाओं में प्रतिभा होती थी, लेकिन उन्हें अवसर नहीं दिए जाते थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राजग सरकार महिलाओं को अवसर दे रही है और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए 10 करोड़ स्व-सहायता समूहों के गठन के साथ बैंक ऋण आदि योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गावित ने सरकार की ‘लखपति दीदी’ और ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग की सरकार के समय विपक्षी पार्टी की अध्यक्ष महिला (सोनिया गांधी) थीं, लेकिन उन्होंने महिला आरक्षण कानून के लिए कोई काम नहीं किया, वहीं मोदी सरकार ने तीन दशक के इंतजार के बाद नए संसद भवन में पहले कानून के रूप में इसे पारित किया।
गावित ने कहा कि पहले महिलाओं को प्रतिनिधित्व तक सीमित रखा जाता था, लेकिन अब वह भागीदारी के साथ ही नेतृत्व की भूमिका में आई हैं। उन्होंने कहा कि विगत में किसान कर्ज में डूब जाते थे क्योंकि कांग्रेस की नीतियां विफल थीं, वहीं इस सरकार ने किसान की आय दोगुनी करने की दिशा में काम किया है। इस क्रम में गावित ने सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि भंडारण योजना और कृषि निर्यात नीति का भी उल्लेख किया।
गावित ने कहा कि प्रधानमंत्री खुद गरीब परिवार से आते हैं, इसलिए वह उनकी समस्याओं को जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक बेटे की तरह देश में बुजुर्गों, माताओं-बहनों की सेवा कर रहे हैं। गावित ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नेता नहीं, देश का बेटा बनकर काम कर रहे हैं।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common