अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास का नया वातावरण बना: राष्ट्रपति मुर्मू

नयी दिल्ली,  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास का एक नया वातावरण बना है तथा इस केंद्रशासित प्रदेश में लोकसभा चुनाव एवं विधानसभा चुनाव अत्यंत शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए।   उन्होंने बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि सरकार ने पूर्वोत्तर के लोगों के दिल से दूरियों का भाव समाप्त किया

                मुर्मू ने कहा  ‘‘ विकसित भारत की एक महत्वपूर्ण कसौटी  देश का संतुलित विकास है। किसी क्षेत्र में ये भावना नहीं होनी चाहिए कि वो विकास में पीछे छूट रहे हैं।’’

                उन्होंने कहा कि सरकार ने पूर्वोत्तर के लोगों की इन्हीं भावनाओं को समझा  उनके दिल से दूरियों का भाव समाप्त किया तथा 10 से अधिक शांति समझौते कर सरकार ने अनेक गुटों को शांति के मार्ग से जोड़ने का काम किया है।      राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख किया कि पूरा देश पूर्वोत्तर के आठ राज्यों की संभावनाओं को देख सके  इस दिशा में पहले अष्टलक्ष्मी महोत्सव का आयोजन किया गया।

      उन्होंने कहा  ‘‘पूर्वोत्तर के विकास के साथ-साथ सरकार ने देश के “पूर्वोदय” यानी पूर्वी राज्यों के सर्वांगीण विकास की कार्य-योजना पर काम शुरू कर दिया है जिससे रोज़गार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

     मुर्मू के अनुसार  अंडमान निकोबार एवं लक्षद्वीप में विकास की कई परियोजनाएं प्रारम्भ कर उन्हें राष्ट्र की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।    उन्होंने कहा  ‘‘अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू कश्मीर में विकास का एक नया वातावरण बना है। जम्मू कश्मीर में लोकसभा चुनाव एवं विधानसभा चुनाव अत्यंत शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए।’’राष्ट्रपति ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग इसके लिए बधाई के पात्र हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: