श्रीनगर, जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को पंथा चौक स्थित श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) यात्री निवास में निर्माण कार्यों और तीर्थयात्री सुविधाओं की समीक्षा की।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सिन्हा ने यात्री निवास का दौरा किया और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल ने बाबा बर्फानी को समर्पित ध्वनि एवं प्रकाश प्रदर्शनी के इंतजामों की भी समीक्षा की। उपराज्यपाल के साथ एसएएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एम के भंडारी बोर्ड सदस्य मुकेश गर्ग और श्रीनगर जिले के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
दक्षिण कश्मीर में स्थित अमरनाथ की पवित्र गुफा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और 57 दिन के बाद 28 अगस्त को समाप्त होगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common