संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 11 फरवरी को AMRITPEX 2023 – राष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। टिकटों का यह पांच दिवसीय महाकुंभ (11 से 15 फरवरी, 2023) हॉल 05, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के एक भाग के रूप में आयोजित किया जा रहा है। संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान, सचिव, इस अवसर पर डाक विभाग विनीत पाण्डेय, महानिदेशक डाक सेवा आलोक शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत डाक विभाग पूरी तरह से बदल गया है और बैंकिंग, सेवा वितरण और सामाजिक सुरक्षा भुगतान नेटवर्क के लिए एक डिजिटल नेटवर्क बन गया है। उन्होंने हमारी समृद्ध संस्कृति, विरासत और इतिहास के बारे में युवाओं को शिक्षित करने और अपनी जड़ों पर गर्व करने के लिए डाक टिकटों और डाक टिकट संग्रह की उभरती भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने इस पुराने शौक को डिजिटाइज़ करने और युवाओं के लिए इसे और अधिक रोचक और आकर्षक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
देवसिंह चौहान ने कहा कि अमृतपेक्स इस महान राष्ट्र के 5000 साल पुराने समृद्ध इतिहास और संस्कृति को उजागर करने और प्रदर्शित करने का राष्ट्रीय मंच है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारतीय डाक के भरोसेमंद नेटवर्क को वित्तीय सेवाओं की डोरस्टेप डिलीवरी के लिए नया रूप दिया गया है।
अमृतपेक्स 2023 के उद्घाटन समारोह में देश के सभी हिस्सों से बड़ी संख्या में स्कूली छात्रों और डाक टिकट संग्रहकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनी में 13 प्रतिस्पर्धी श्रेणियों और आमंत्रितों के तहत 20,000 से अधिक प्रदर्शन प्रदर्शित किए गए हैं। युवाओं और नवोदित डाक टिकट संग्रहकर्ताओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव पर एक विशेष खंड भी शामिल किया गया है।
https://twitter.com/IndiaPostOffice/status/1624404565759242242/photo/1