केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठा का संकल्प पूरा होने के साथ ही 5 शताब्दियों का इंतजार और वादा आज पूरा हुआ है.
एक्स प्लेटफॉर्म पर अपने पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि 5 सदियों का इंतजार और वादा आज पूरा हुआ. प्रभु श्री राम के करोड़ों भक्तों के लिए आज का दिन अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि आज जब हमारे रामलला अपने भव्य मंदिर में हैं तो प्रभु श्री राम के अनगिनत भक्तों की तरह मैं भी भाव-विभोर हूं. श्री शाह ने कहा कि इस भावना को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस क्षण की प्रतीक्षा में हमारी कई पीढ़ियों ने इतना त्याग किया, लेकिन कोई भय और आतंक श्री रामजन्मभूमि पर फिर से मंदिर बनाने के संकल्प और विश्वास को डिगा नहीं सका। श्री शाह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह संकल्प पूरा हुआ है और इसके लिए मैं हृदय से उनका आभार व्यक्त करता हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि इस शुभ दिन पर मैं उन सभी महापुरुषों को भी नमन करता हूं जिन्होंने इस संघर्ष और संकल्प को सदियों तक जीवित रखा, अनेक अपमान और यातनाएं सहन कीं, लेकिन धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद, हजारों महान संतों और असंख्य ज्ञात-अज्ञात लोगों के संघर्ष का आज सुखद और सफल परिणाम आया है। श्री शाह ने कहा कि यह विशाल श्रीराम जन्मभूमि मंदिर युगों-युगों तक शाश्वत और अविनाशी सनातन संस्कृति का अद्वितीय प्रतीक बना रहेगा।
PC:https://twitter.com/AmitShah/status/1749375619086115216/photo/3