ईटानगर, अरुणाचल प्रदेश के मंत्री बालो राजा ने भारत की ताकत और खुफिया क्षमताओं को उजागर करने के लिए जासूसी थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ का हवाला दिया है, और साथ ही चीन के साथ सीमा पर लगातार गतिरोध के संबंध में आईटीबीपी प्रमुख की कथित टिप्पणियों पर सवाल उठाए हैं।
ईटानगर में पत्रकारों से बात करते हुए, शहरी मामलों, भूमि प्रबंधन और नागरिक उड्डयन विभागों का प्रभार संभालने वाले राजा ने सवाल किया कि एक वरिष्ठ अधिकारी ऐसा बयान क्यों देंगे जिससे भारत के कमजोर होने का आभास हो।राजा ने कहा, ‘‘जब आप एक डीजी (महानिदेशक) हैं, तो ऐसा बयान क्यों दें? खुद को कमजोर क्यों समझें? भारत बहुत मजबूत है। आपने ‘धुरंधर’ फिल्म देखी होगी; इसे देखें, और आपको पता चल जाएगा कि भारत की खुफिया क्षमताएं कितनी बढ़ गई हैं।
’’उनकी यह टिप्पणी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर की टिप्पणियों के बाद पैदा हुए राजनीतिक विवाद के बीच आई है, जिन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अरुणाचल प्रदेश में सीमा पर कई स्थानों पर गतिरोध जारी है।
गत 22 अक्टूबर को राजस्थान के अलवर में एक कार्यक्रम में आईटीबीपी कर्मियों को संबोधित करते हुए, कपूर ने टकराव की स्थितियों से निपटने में भूमिका के लिए बल की नव-गठित ‘शौर्य’ कमांडो टीमों की सराहना की थी।उन्होंने हथियारों और उपकरणों को आधुनिक बनाने और ड्रोन युद्ध सहित बदलते सुरक्षा खतरों का जवाब देने के लिए क्षमताओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया था।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common