आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा द्वारा लगाए गए उन आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा नहीं छोड़ा है। भाजपा झूठ फैला रही है और वह मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा करना चाहती है, क्योंकि वह चुनाव जीतने में सक्षम नहीं है। आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव जीतने में सक्षम नहीं है, इसलिए अब वह सीएम आवास पर कब्जा करना चाहती है। इसके लिए वे सभी हथकंडे अपना रहे हैं। आप ने आरोप लगाया कि प्रोटोकॉल की अवहेलना करते हुए अधिकारी भाजपा के दबाव के कारण दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला आवंटित नहीं कर रहे हैं, जबकि यह बंगला उनके पूर्ववर्ती अरविंद केजरीवाल ने खाली कर दिया था। 27 साल से दिल्ली में वनवास काट रही भाजपा अब झूठ फैलाकर सीएम आवास पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है कि अरविंद केजरीवाल द्वारा मुख्यमंत्री आवास खाली करने का आधिकारिक और लिखित प्रमाण पत्र है। संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए आतिशी को वहां जाकर रहना था लेकिन पत्र लिखने के बावजूद भी आतिशी जी को सीएम आवास नहीं दिया गया। इसके अलावा जब आतिशी जी ने सीएम कैंप कार्यालय बनाया और मीटिंग शुरू की तो वहां मौजूद स्टाफ को निकाल दिया गया। 27 साल से बीजेपी दिल्ली में चुनाव हार रही है और अपना सीएम नहीं बना पा रही है इसलिए अब वो मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा करना चाहती है।