जयपुर, राजस्थान के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मूल दायित्व यह है कि आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
राठौड़ ने यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ता सुनवाई के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि लगभग 90 परिवाद कार्यकर्ता सुनवाई में पहुंचे। कई समस्याओं का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई कराई गई। कुछ मामलों को उचित विभागों को अग्रेषित किया गया जबकि नीतिगत विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि सुनवाई के माध्यम से समस्याएं सही अधिकारियों तक शीघ्रता से पहुंचने के कारण समाधान तेजी से संभव हो पाता है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण केंद्र से निरंतर सहयोग मिल रहा है और राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचाने में तत्पर है ताकि केंद्र की प्रत्येक योजना का लाभ जनता तक समय पर पहुंचे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार के समय समन्वय के अभाव के कारण विकास कार्य बाधित रहते थे जबकि आज तेजी से काम होने से विपक्ष असहज महसूस कर रहा है और कांग्रेस नेताओं को पीड़ा हो रही है।
उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा वो दिल्ली एक परिवार के धोक लगाने जाते थे हम दिल्ली देश की सरकार के पास जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सुनवाई में राठौड़ के साथ प्रदेश के जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी रहे। एक पदाधिकारी के अनुसार सप्ताह में तीन दिन सोमवार मंगलवार और बुधवार को दो मंत्री कार्यकर्ता सुनवाई करेंगे। पंजीयन के बाद प्राप्त परिवाद संबंधित मंत्री को भेजे जाएंगे और कार्यकर्ता की अनुशंसा पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common