इंडियन एथलेटिक्स सीरिज का लुधियाना चरण राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट

नयी दिल्ली,  इंडियन एथलेटिक्स सीरिज का 13 जून को होने वाला लुधियाना चरण उन खिलाड़ियों के लिये ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी होगा जो प्रतिकूल स्थानीय मौसम के कारण फेडरेशन कप में कट में प्रवेश नहीं कर सके थे ।

             भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की चयन समिति के अध्यक्ष आदिले सुमरिवाला ने शनिवार को यह घोषणा की । हाल ही में रांची में हुए फेडरेशन कप में भालाफेंक के सभी खिलाड़ी 82 . 61 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करने में नाकाम रहे थे ।

             सुमरिवाला ने कहा  ‘‘ एएफआई सभी पात्र खिलाड़ियों को राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करने का एक और मौका दे रहा है क्योंकि रांची में 29वीं राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कप में कई खिलाड़ी इसे हासिल करने से मामूली अंतर से चूक गए थे ।’’

             उन्होंने कहा  ‘‘ रांची में टूर्नामेंट के बाद खिलाड़ियों ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाये । काफी बातचीत के बाद एएफआई चयन समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि खिलाड़ियों को एक और मौका दिया जाये ।’’

             लुधियाना में टूर्नामेंट में उन्हीं खिलाड़ियों के प्रदर्शन को चयन के लिये माना जायेगा जिन्होंने रांची में फेडरेशन कप में भाग लिया था । पहले से क्वालीफाई कर चुके खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों के दल में होंगे लेकिन वे इसमें भी भाग ले सकते हैं ।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: