दुबई, ईरान ने होरमुज जलडमरुमध्य में बुधवार को एक तेल टैंकर जब्त कर लिया, जिस पर पनामा का ध्वज लगा हुआ है। अमेरिकी नौसेना ने यह जानकारी दी। अमेरिकी नौसेना के मध्य-पूर्व स्थित पांचवें बेड़े ने पोत की पहचान नियोवी के रूप में की है। उसके अनुसार, ईरान के अर्द्धसैनिक बल रिवोल्युशनरी गार्ड ने पोत को जब्त किया। हाल के दिनों में इस खाड़ी देश द्वारा जब्त किया गया यह दूसरा पोत है।
नौसेना ने एक तस्वीर जारी की है जिसमें देखा जा सकता है कि ईरानी अर्द्धसैनिक बल के दर्जनों पोत, टैंकर को चारों ओर से घेरे हुए हैं। नौसेना ने कहा, ‘‘टैंकर को ईरान के बंदर अब्बास तट से लगे ईरानी जल क्षेत्र की ओर जाने के लिए मजबूर किया गया।’’
नौसेना के पांचवें बेड़े ने एक बयान में कहा, ‘‘ईरान की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करती है और क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता में खलल डालती है। ईरान द्वारा लगातार पोतों को रोका जाना और क्षेत्रीय जल क्षेत्र में नौवहन अधिकारों के साथ हस्तक्षेप करना अवांछित, गैर जिम्मेदाराना है तथा यह समुद्री सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था को खतरा पेश करता है।’’
हालांकि, ईरान ने पोत जब्त किये जाने की बात अभी स्वीकार नहीं की है।
उल्लेखनीय है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के साथ उसके बढ़ते तनाव के बीच पिछले हफ्ते इस खाड़ी देश ने एक तेल टैंकर को जब्त कर लिया था, जो अमेरिकी कंपनी शेवरान कॉरपोरेशन के लिए कच्चा तेल ले जा रहा था। इस टैंकर पर 23 भारतीय और एक रूसी नागरिक था।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons