ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को निकाल रहा है भारत: दूतावास

तेहरान., ईरान और इजराइल में जारी संघर्ष के बीच भारत ईरान से अपने सभी नागरिकों को निकाल रहा है। यहां स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आपातकालीन संपर्क नंबर और एक टेलीग्राम चैनल का लिंक प्रदान किया। पोस्ट में कहा गया है कि भारतीय दूतावास ईरान से सभी भारतीय नागरिकों को निकाल रहा है।

एक अन्य पोस्ट में दूतावास ने कहा कि वह नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी निकालने का प्रयास कर रहा है। इसमें कहा गया है कि नेपाल और श्रीलंका की सरकारों के अनुरोध पर इन दोनों देशों के नागरिकों को निकालने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्ट में नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों के लिए दूतावास के टेलीग्राम चैनल या आपातकालीन संपर्क नंबर पर संपर्क के लिए कहा गया है। कोलंबो में श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने ईरान में अपने नागरिकों को सलाह दी है कि यदि वे देश छोड़ना चाहते हैं तो तेहरान में भारतीय दूतावास से संपर्क करें।

मंत्रालय ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा ‘‘श्रीलंका सरकार ने ईरान छोड़ने के इच्छुक श्रीलंकाई लोगों की सहायता के लिए भारत सरकार के साथ उड़ानों में उन्हें समायोजित करने की व्यवस्था की है।’

’ विदेश मंत्रालय के अनुसार ईरान में 100 से भी कम श्रीलंकाई नागरिक हैं जबकि इजराइल में लगभग 20 000 श्रीलंकाई नागरिक कार्यरत हैं। भारत ने बुधवार को ईरान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ‘‘ऑपरेशन सिंधु’’ शुरू करने की घोषणा की क्योंकि इजराइल के साथ संघर्ष में कमी आने का कोई संकेत नहीं दिख रहा है।

शनिवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अब तक 500 से अधिक भारतीय नागरिक ईरान से स्वदेश लौट आए हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: