एक फरवरी से दिल्ली-शंघाई की उड़ान बहाल करेगी एअर इंडिया

नयी दिल्ली,  एअर इंडिया एक फरवरी  2026 से दिल्ली और शंघाई के बीच उड़ानें फिर से शुरू करेगी और लगभग छह वर्ष बाद चीन के लिए सीधी विमान सेवा बहाल होगी। एयरलाइन (अब टाटा समूह के स्वामित्व वाली) ने 2020 की शुरुआत में कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर शंघाई के लिए सेवाएं बंद कर दी थीं और उस समय घाटे में चल रही इस एयरलाइन का स्वामित्व सरकार के पास था।

अगले साल एक फरवरी से दिल्ली-शंघाई (पीवीजी) उड़ानें फिर से शुरू करने की सोमवार को घोषणा करते हुए  एअर इंडिया ने यह भी कहा कि वह 2026 में नियामक अनुमोदन के आधार पर मुंबई और शंघाई के बीच सीधी उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना बना रही है।

            एअर इंडिया अपने बोइंग 787-8 विमानों के साथ दिल्ली और शंघाई के बीच सप्ताह में चार बार उड़ानें संचालित करेगी  जिसमें 18 बिजनेस और 238 इकॉनमी क्लास सीट होंगी। एयरलाइन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि शंघाई एअर इंडिया समूह की उड़ान सेवा वाला 48वां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य होगा।

            विज्ञप्ति में कहा गया है  ‘‘शंघाई के लिए एअर इंडिया की सेवाओं की बहाली हाल में भारत-चीन राजनयिक समझौतों के बाद हुई है  जिसके तहत 2020 की शुरुआत में रुके हवाई संपर्क बहाल किए गए। एअर इंडिया ने पहली बार अक्टूबर 2000 में चीन के लिए नॉन-स्टॉप सेवाएं शुरू की थीं।’’

             भारत और चीन के बीच सीधी उड़ान 26 अक्टूबर को फिर से शुरू हुईं। हालिया राजनयिक पहल के बाद  इंडिगो ने 26 अक्टूबर को कोलकाता और ग्वांगझू के बीच उड़ानें फिर से शुरू कीं और 10 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी से ग्वांगझू के लिए सेवाएं शुरू कीं। चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस ने 9 नवंबर को दिल्ली-शंघाई की सीधी उड़ान शुरू कीं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: